हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन ’1100’ को लांच किया, इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक का उपयोग करके जनता की शिकायतों का निवारण समयबद्ध तरीके से करना है। इस हेल्पलाइन पर कॉल करके राज्य के आम नागरिक अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश इस प्रकार की सुविधा शुरू करने वाला देश का चौथा राज्य बन गया है, इससे पहले उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इस प्रकार की सुविधा शुरू कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन ’1100’ का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के लोगों की समस्याओं का समाधान कम से कम समय में करना है, इसके लिए ’1100’ नामक टोल फ्री फ़ोन नंबर जारी किया गया है। सेवा संकल्प हेल्पलाइन को शिमला म्युनिसिपल कारपोरेशन के नए भवन में शुरू किया गया है। अब हिमाचल के लोगों को अपनी छोटी-मोटी समस्या के निपटान के लिए शिमला जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की आवश्यकता नहीं है, लोग घर बैठे 1100 नंबर पर कॉल करके अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इस हेल्पलाइन में जियो मैपिंग तथा जियो टैगिंग के द्वारा राज्य के 56 विभागों तथा 6500 अफसरों को जोड़ा गया है। यह हेल्पलाइन हफ्ते में 6 दिन सुबह 7 बजे से रात को 10 बजे तक काम करेगी (सोमवार-शनिवार), इस कॉल सेंटर में एक साथ 40 शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। प्रत्येक शिकायत का समाधान 7-14 दिनों के भीतर किया जायेगा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री निरंतर इस हेल्पलाइन की प्रगति को मॉनिटर करेंगे।
Source : GK Today