सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवणे आज नए सेना प्रमुख का कार्यभार ग्रहण करेंगे। वे जनरल बिपिन रावत का स्थान लेंगे जो सेना प्रमुख के रूप में तीन वर्ष के कार्यकाल के बाद आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल नरवणे ने सितंबर में सेना उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले वे सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख थे जो चीन से लगी भारत की लगभग चार हजार किलोमीटर सीमा की निगरानी करती है। 37 साल के सेवाकाल में लेफ्टिनेंट जनरल नरवणे ने सेना में कई दायित्वों को संभाला। वे जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में उग्रवाद विरोधी कार्रवाइयों में भी शामिल रहे। लेफ्टिनेंट जनरल नरवणे ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय रायफल्स बटालियन की कमान भी संभाली। वे पूर्वी मोर्चे पर इन्फेंट्री ब्रिगेड के प्रमुख भी रहे। उन्होंने श्रीलंका में भारतीय शांति सेना में भी भूमिका निभाई और तीन वर्ष तक म्यामां में भारतीय दूतावास में रक्षा मामलों के प्रभारी भी रहे।
Source: News On Air