राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज कावारत्ती में लक्षद्वीप के पहले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखी।
लक्षद्वीप के दो दिन के दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति ने भरोसा दिलाया कि यहां के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने लक्षद्वीप के प्रशासक को इस अस्पताल के निर्माण कार्य पर विशेष ध्यान देने को कहा।
श्री कोविंद आज सुबह लक्षद्वीप पहुंचे जहां प्रशासक दिनेश्वर शर्मा ने आगाती हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
परंपरागत स्वागत के बाद राष्ट्रपति कावारती पहुंचे जहां विभिन्न बलों के एक सौ साठ जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने पद्मश्री से सम्मानित लक्षद्वीप की एक मात्र महिला रहमत बेगम को बधाई दी।
राष्ट्रपति ने लक्षद्वीप के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राष्ट्रपति भवन आने के लिए आमंत्रित भी किया।
राष्ट्रपति आज शाम लक्षद्वीप के बंगाराम द्वीप पहुंचे।
कल बंगाराम में पूरा दिन बिताने के बाद वे बृहस्पतिवार को कोच्चि पहुंचेंगे और उसी दिन नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
Source: News On Air