राष्ट्र आज डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर के 64वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने आज संसद भवन में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज सुबह संसद भवन परिसर में डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत, संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी और सांसदों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके अलावा सैंकड़ों लोग भी बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं।
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने ट्वीटर पर कहा कि लोगों को डॉ. आम्बेडकर के विजन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बाबा साहेब को अर्पित किए जाने वाले श्रद्धा सुमन तभी सार्थक होंगे जब लोग उनके आदर्शों पर चलें और सार्वजनिक जीवन में बाबा साहेग के जीवन मूल्य तथा नैतिकता का अनुकरण करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीटर पर कहा कि बाबा साहेब ने अपना जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में देश को अनूठा उपहार दिया जो भारतीय लोकतंत्र का आधार स्तंभ है। राष्ट्र हमेशा उनका आभारी रहेगा।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि इंदु मिल परिसर में बाबा साहेब का प्रस्तावित स्मारक सामाजिक न्याय और समानता के इच्छुक लोगों के लिए प्रेरणा के रूप में काम करेगा।
महापरिनिर्वाण दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा साहेब के सामाजिक न्याय और भाईचारे के सिद्धांतों पर काम करेगी।
मुंबई पुलिस ने आज चैतन्यभूमि में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना के मद्देनजर कड़े सुरक्षा के लिए लगभग चालीस हज़ार पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। पश्चिमी और मध्य रेलवे ने भारी भीड़ के मद्देनजर विशेष रेलगाडि़यां चलाने की घोषणा की है और हेल्पडेस्क, पेयजल सुविधाएं, चिकित्सा सहायता जैसे विशेष इंतजाम किए हैं। मुंबई नगर निकाय को भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सतर्क किया गया है।
Source: News On Air