लुसान में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को आज अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ (एफआईएच) ने वर्ष का खिलाड़ी पुरस्कार के लिये नामित किया है।
उनकी अगुवाई में भारत ने तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया था।
दो अन्य भारतीयों विवेक प्रसाद और लालरेमसियामी को एफआईएच ने पुरुष और महिला वर्ग में वर्ष के उदीयमान खिलाड़ी पुरस्कार के लिये नामित किया है।
मनप्रीत ने अभी तक 242 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
उनकी कप्तानी में भारत ने भुवनेश्वर में रूस को 11-3 के कुल स्कोर से हराकर तोक्यो ओलंपिक में जगह पक्की की थी।
19 वर्षीय प्रसाद मिडफील्डर हैं और उन्होंने पिछले साल युवा ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का नेतृत्व किया था।
लालरेमसियामी फारवर्ड है और वह एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थी।
साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिये ऑस्ट्रेलिया के एडी ओकेनडन और एरेन जालेवस्की, अर्जेंटीना के लुकास विला तथा बेल्जियम के आर्थर वान डोरेन और विक्टर वेगनेज भी शामिल हैं।
Source: News On Air