केन्द्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने आज हिमाचल प्रदेश के सिरमोर जिले के धौलाकुआं में भारतीय प्रबंधन संस्थान की आधारशिला रखी। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे तथा केन्द्रीय वित्त और कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे। इस संस्थान के पहले चरण पर तीन अरब 92 करोड़ 51 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर श्री निशंक ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी कि यह संस्थान क्षेत्र के श्रेष्ठ संस्थान के रूप में उभरे। उन्होंने कहा कि संस्थान में पढ़ाए जाने वाले नए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए नए मार्ग खोलेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन, बिजली, उद्योग और इको-टूरिज्म की राज्य में अच्छी संभावना है। इसके लिए प्रभाावी प्रबंधन की आवश्यकता है। यह संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
श्री निशंक ने कहा कि नई शिक्षा नीति से भारत को विश्व गुरू का प्राचीन गौरव फिर हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारे देश के आई आई एम और आई आई टी विश्व के श्रेष्ठ शिक्षा संस्थानों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस पूरे संस्थान के डिजाइन को पारंपरिक हिमाचली वास्तुकला का रूप देने के लिए प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान पूरा होने पर प्रमुख शिक्षण संस्थान के रूप में तो उभरेगा ही, पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र होगा।
केन्द्रीय वित्त और कॉरपोरेट राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यह संस्थान राज्य और खासतौर से सिरमोर जिले के लोगों के लिए केन्द्र सरकार का सबसे बडा तोहफा है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के लिए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने आशा प्रकट की कि अगले दस वर्ष में आई आई एम सिरमोर देश के प्रमुख संस्थान के रूप में उभरेगा।
Source: News On Air