मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का सफल एक वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी का बूथ संपर्क अभियान सोमवार से आरम्भ हो गया। 8 से 14 जून तक प्रदेश भर में चलने वाले बूथ संपर्क अभियान का जोधपुर में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा जोधपुर शहर के सूरसागर मण्डल में बूथ संपर्क अभियान का श्री गणेश किया। इस दौरान सूरसागर के बूथ संख्या 21 एवं 22 में बूथ संपर्क के दौरान क्षेत्र के लोगों ने शंख बजकर एवम् पुष्प वर्षा से शेखावत का जोरदार स्वागत किया।
भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि जोधपुर के सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सूरसागर चौराहा स्थित शहीद राजा राम मेघवाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके बूथ संपर्क अभियान का शुभारंभ किया। यहां प्रथम बार किसी केन्द्रीय मंत्री ने शहीद राजा राम मेघवाल की प्रतिमा पर पुषपांजलि अर्पित की।
यहां पर बूथ संपर्क अभियान के जिला प्रभारी महेन्द्र मेघवाल, उप महापौर देवेंद्र सालेचा, अभियान के संभाग प्रभारी प्रसन्न चंद मेहता, पूर्व महापौर राजेन्द्र कुमार गहलोत, सूरसागर मण्डल अध्यक्ष ताराचंद गहलोत, पार्षद जनक सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष घनश्याम पंवार, मली संघ के अध्यक्ष रणजी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शेखावत का स्वागत किया। इसके बाद जिला अध्यक्ष देवेन्द्र जोशी के नेतृत्व में सभी मंडलों में बूथ स्तर पर सम्पर्क किया।
Source: DD News