भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन– इसरो ने भारत के नए संचार उपग्रह सी.एम.एस.-01 को आज सफलतापूर्वक अंतरिक्ष की निर्धारित कक्षा में स्थापित कर दिया है। आज श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र में पी एस एल वी सी-50 यान से इसका सफलतापूर्वक प्रक्षेपण तीन बजकर 41 मिनट पर किया गया। यह अभियान केवल 21 मिनट में ही पूरा हो गया।
इसरो के अध्यक्ष डा0 के0 सिवन ने इसके लिए अभियान दल को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपग्रह विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के बाद 21 दिसम्बर को अंतिम कक्षा में स्थापित किया जाएगा। योजना के अनुसार यह उपग्रह विस्तारित सी–बैण्डके लिए अपनी सेवाएं देता रहेगा।
डा0 सिवन ने कहा कि इसरो आने वाले दिनों में भी अंतरिक्ष संबंधी खोज के लिए उपग्रह का प्रक्षेपण करता रहेगा। इन उपग्रहों में पीएसएलवी-सी 51 और लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान एसएसएलवी शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चंद्रयान-3, गगनयान और अदित्य एल-1 जैसे प्रतिष्ठित मिशनों की तैयारी भी चल रही है।
Source: News On Air