अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा पर 18 महिला सैनिकों के दल ने चार दिन की पेट्रोलिंग पूरी की।
ईटानगर
अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा पर 18 महिला सैनिकों के दल ने चार दिन की पेट्रोलिंग पूरी की। आपको बता दें कि भारतीय सेना की महिला सैन्य अधिकारी ने इस गश्ती दल का नेतृत्व किया है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक महिला सैनिकों की इस टीम ने 10 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले के किबुतु से गश्त की शुरू की थी। इस दल में भारतीय सेना के साथ ही असम राइफल्स और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की सदस्य शामिल थीं।
सरकारी बयान में कहा गया है, दुरूह पहाड़ियों, घने जंगलों, नदियों की तेज धाराओं को पार करते हुए गश्त के चार दिन, गश्ती सदस्यों के धैर्य, दृढ़ संकल्प और नौसैनिक कौशल का परीक्षण करते हैं, जो देश के 73वें स्वतंत्रता दिवस पर महिला सशक्तीकरण का वास्तविक प्रतीक है।
पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने ने गश्ती दल में शामिल महिला सैन्यकर्मियों के व्यावसायिकता और दृढ़संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पूर्वोत्तर में तैनात सुरक्षा बलों के बीच तालमेल का प्रदर्शन और देश को ताकत प्रदान करते हैं।
आपको बता दें कि हिमालय की पहाड़ियों में साहसिक सह परिचालन गश्त पूरा करने वाली महिलाओं की यह पहली टीम थी। ऐसा कर इस टीम ने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।